डायबिटीज का अनसुना इतिहास: यूरिन पर चींटियों से हुई पहचान, जानिए कैसे पड़ा 'मधुमेह' नाम और कैसे हुई इंसुलिन की खोज
देश में प्री-डायबिटीज के तेजी से बढ़ते मामले स्वास्थ्य विशेषज्ञों के लिए बड़ी चिंता का विषय हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस बीमारी का इतिहास हजारों साल पुराना है? एक दौर ऐसा भी था जब इसकी पहचान किसी लैब टेस्ट से नहीं, बल्कि यूरिन पर चींटियों के जुटने से की जाती थी। आइए जानते हैं डायबिटीज के नामकरण और जीवनरक्षक इंसुलिन की खोज की दिलचस्प कहानी।
मिस्र से ग्रीस और फिर ब्रिटेन तक: ऐसे पड़ा 'शुगर' नाम
डायबिटीज का सबसे पहला जिक्र मिस्र के प्राचीन इतिहास में 1500 ईसा पूर्व के 'एबर्स पेपाइरस' दस्तावेज में मिलता है। इसमें एक ऐसी बीमारी का वर्णन है, जिसके लक्षण बार-बार प्यास लगना और अत्यधिक पेशाब आना थे।
ग्रीक कनेक्शन: 'डायबिटीज' शब्द ग्रीक भाषा के 'डाइबेट्स' (Siphon) से लिया गया है, जिसका अर्थ एक ऐसा पाइप होता है जिससे तरल पदार्थ आर-पार बहता है।
ब्रिटिश डॉक्टर ने जोड़ा 'मेलिटस': साल 1675 में ब्रिटिश डॉक्टर थॉमस विलिस ने इस बीमारी के साथ 'मेलिटस' शब्द जोड़ा। यह एक लैटिन शब्द है, जिसका अर्थ 'शहद की तरह मीठा' होता है। खून में ग्लूकोज की मात्रा बढ़ने और यूरिन में मिठास होने के कारण ही आम बोलचाल की भाषा में इसे 'शुगर' कहा जाने लगा।
भारत में यूरिन पर चींटियां देखकर रखा गया 'मधुमेह' नाम
प्राचीन भारतीय चिकित्सा इतिहास में भी इस बीमारी का गहरा उल्लेख है। लगभग 500 ईस्वी के आसपास भारत में इस बीमारी की पहचान के लिए एक अनोखा तरीका अपनाया गया था। वैद्यों ने पाया कि इस रोग से पीड़ित व्यक्ति के यूरिन की तरफ चींटियां आकर्षित होती हैं। यूरिन में मिठास के कारण चींटियों के जुटने की इसी पहचान के आधार पर इस बीमारी का नाम 'मधुमेह' (शहद जैसा मीठा) रखा गया।
कुत्तों पर प्रयोग से मिली सफलता, हुई इंसुलिन की खोज
एक समय था जब डायबिटीज का कोई इलाज नहीं था और इसे एक लाइलाज व जानलेवा बीमारी माना जाता था। इसकी दवा खोजने के लिए वैज्ञानिकों ने कई अजीबोगरीब प्रयोग किए। मशहूर फिजिशियन बर्नहार्ड नौनिन ने तो इलाज तलाशने के लिए अपने मरीजों को 5 महीने तक एक कमरे में बंद रखकर उनकी डाइट पर प्रयोग किया था। वे पहले मरीजों के खाने में कार्बोहाइड्रेट कम करते थे और फायदा न होने पर प्रोटीन भी घटा देते थे।
आखिरकार, साल 1921 में चिकित्सा जगत में एक ऐतिहासिक क्रांति हुई। कनाडा के टोरंटो में वैज्ञानिक फ्रेडरिक बैंटिंग और चार्ल्स बेस्ट ने कुत्तों पर कई सफल प्रयोग किए। उन्होंने साबित किया कि पैंक्रियाज (अग्न्याशय) से निकलने वाला एक खास हार्मोन ब्लड शुगर को नियंत्रित कर सकता है। गाय के पैंक्रियाज से निकाले गए इसी हार्मोन को आज दुनिया 'इंसुलिन' के नाम से जानती है, जिसने करोड़ों डायबिटीज मरीजों को नया जीवनदान दिया।
जानवरों से लेकर लैब में 'ह्यूमन इंसुलिन' बनने तक का सफर
इंसुलिन की खोज के बाद शुरुआती दशकों में इसे जानवरों (जैसे गाय और सूअर) के पैंक्रियाज से तैयार किया जाता था। हालांकि, बढ़ती मांग के मुकाबले यह प्रक्रिया न केवल अपर्याप्त थी, बल्कि काफी महंगी भी साबित हो रही थी।
इस समस्या का समाधान साल 1978 में निकला, जब अमेरिकी बायोटेक कंपनी 'जेनेंटेक' (Genentech) ने जेनेटिक इंजीनियरिंग की मदद से ई. कोलाई (E. coli) बैक्टीरिया और यीस्ट का उपयोग करके लैब में ही 'ह्यूमन इंसुलिन' बनाने में सफलता हासिल की। यह प्रयोग पूरी तरह सफल रहा, जिससे कम लागत में सुरक्षित और पर्याप्त मात्रा में मानव इंसुलिन का उत्पादन संभव हो सका।
Cast
Comments (0)
Sign in to like and comment.
More Like This
View All
Free
Free
Free
Free
Free
Free
Free
Free
Free
Free
Free